सातवें दिन भी जारी रहा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना, मांगें न मानी तो तेज होगा आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
सातवें दिन भी जारी रहा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना, मांगें न मानी तो तेज होगा आंदोलन


हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय की शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन का केंद्रीय कार्यालय परिसर में चल रहा क्रमिक सांकेतिक धरना सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उनकी न्यायोचित एवं लंबित मांगों को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।

यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने कहा कि धरने के सात दिन बीतने के बावजूद प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की मांगों के समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की हठधर्मिता के कारण कर्मचारियों को लगातार धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पूरी एकजुटता के साथ संघर्ष कर रहे हैं। जब तक कर्मचारियों को उनके देय लाभ नहीं मिल जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो यूनियन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

धरने में विक्रम सिंह, रमेश चंद्र, तरुण कुमार, यशपाल सिंह तोमर, विजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765012 Articles

Share this story