हरिद्वार में नॉनवेज की सप्लाई किए जाने के खिलाफ अखंड परशुराम अखाड़े का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में नॉनवेज की सप्लाई किए जाने के खिलाफ अखंड परशुराम अखाड़े का प्रदर्शन


हरिद्वार, 13 मई (हि.स.)। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने रैपिडो पर प्रतिबंधित क्षेत्र में नॉनवेज की डिलीवरी किए जाने का आरोप लगाते परशुराम चौक पर प्रदर्शन किया और कंपनी पर कार्यवाही की मांग की। इस प्रदर्शन से पूर्व आज ही नगर निगम की ओर से उक्त कंपनी को चेतावनी पत्र जारी किया गया।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि रैपिडो द्वारा नॉनवेज की डिलीवरी कर धर्मनगरी की परंपरांओं का उल्लंघन किया जा रहा है। जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि स्वतंत्रता से पूर्व ही नगर पालिका बायलॉज के माध्यम से हरिद्वार में मांस मदिरा की बिक्री को प्रतिबंधित किया गया है। लेकिन रैपिडो द्वारा नियमों का उल्लंघन कर हरिद्वार में नॉनवेज की डिलीवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम को इसका संज्ञान लेकर कंपनी पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। केवल चेतावनी पत्र जारी करना पर्याप्त नहीं है।

भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में यशपाल शर्मा, विष्णु प्रसाद शास्त्री, सचिन, कुलदीप चौहान, सुरेंद्र देव, प्रवीण शर्मा, स्वामी कार्तिकेय आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story