सच्चा धर्म वही है, जो दूसरों के धर्म की रक्षा करे: राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
सच्चा धर्म वही है, जो दूसरों के धर्म की रक्षा करे: राज्यपाल


हैदराबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह हैदराबाद में कान्हा शांति वनम में श्री गुरु तेग बहादुरजी के 350वें शहीदी वर्ष, श्रीरामचंद्र (बाबूजी) महाराज व संत तुकडोजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने “एक मानवता, एक हृदय : श्री गुरु तेग बहादुरजी की शिक्षाएं” विषय पर उद्बोधन दिया।

इस माैके पर राज्यपाल ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां पर ध्यान करते हुए एक अद्भुत अनुभूति मिली है। उन्होंने कहा कि कान्हा शांति वनम केवल एक आश्रम नहीं, बल्कि वैश्विक आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है, जहां साधना, सेवा और समर्पण के माध्यम से मानवता के एकत्व का संदेश प्रसारित हो रहा है। राज्यपाल ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका त्याग मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और सत्य के प्रति अडिगता का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने अपने प्राणों का बलिदान देकर यह सिद्ध किया कि सच्चा धर्म वही है, जो दूसरों के धर्म की रक्षा के लिए भी खड़ा हो।

राज्यपाल ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान केवल इतिहास का प्रसंग नहीं, बल्कि आज के समय के लिए एक जीवंत प्रेरणा है। वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में, जब विश्व असहिष्णुता और विभाजन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनकी शिक्षाएँ शांति, सहिष्णुता और मानवता का मार्ग दिखाती हैं। राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे ध्यान, आत्मचिंतन और सेवा के मार्ग को अपनाकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में ध्यान न केवल एकाग्रता बढ़ाता है, बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी सहायक है।

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, कमलेश डी पटेल (दाजी), संतगण, प्रबुद्धजन एवं देश-विदेश से आए साधकगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story