आवारा गोवंश की सुरक्षा को लेकर ग्राम प्रधान ने उठाई आवाज
हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र में सड़कों और गांवों के आसपास खुले में घूम रहे आवारा गोवंश की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ने के साथ ही घायल पशुओं को समय पर उपचार नहीं मिल पाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इस संबंध में मोहम्मदपुर मथाना ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार तंवर ने लक्सर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में ग्राम प्रधान ने बताया कि लक्सर क्षेत्र में लावारिस घूम रहे गोवंश आए दिन वाहनों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 8.15 बजे एक गोवंश को वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अगले दिन 17 अगस्त की रात करीब 9.15 बजे एक अन्य गाय भी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में गाय का अगला पैर टूट गया और वह काफी देर तक सड़क पर दर्द से कराहती रही। ग्राम प्रधान के अनुसार घायल गोवंश की मदद के लिए उन्होंने संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। कई बार फोन करने और घायल पशु की तस्वीर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजने के बावजूद रात के समय तत्काल सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि पशुओं की सहायता के लिए 1962 टोल फ्री हेल्पलाइन की व्यवस्था है, लेकिन रात में घायल पशु को समय पर उपचार नहीं मिलने से व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से लक्सर क्षेत्र में आवारा गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, सड़कों पर निगरानी बढ़ाने और घायल पशुओं के लिए 24 घंटे तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। अश्वनी कुमार तंवर ने कहा कि सड़क पर घूम रहे गोवंश की समस्या केवल पशु सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे वाहन चालकों और आम लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।
उन्होंने हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने और घायल गोवंश के उपचार में लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। वहीं, एसडीएम अनिल शुक्ला ने ग्राम प्रधान को आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

