गंगा संरक्षण के कामों में सुस्ती पर सीडीओ सख्त, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गंगा संरक्षण के कामों में सुस्ती पर सीडीओ सख्त, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 18 सितंबर (हि.स.)।

जिला गंगा समिति की मासिक बैठक में लंबित कार्यों की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को तेजी लाने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में नाला टैपिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लेगेसी वेस्ट और जिला गंगा प्लान की प्रगति की समीक्षा की गई।

नगर पालिका पौड़ी में लेगेसी वेस्ट से चिन्हित भूमि के सौंदर्यीकरण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। थलीसैंण में नाला टैपिंग के लिए डीपीआर तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

दुगड्डा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट के लिए चयनित भूमि से जुड़ी कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने को कहा गया। वहीं, जिला गंगा प्लान और एनजीटी में विचाराधीन मामलों की अद्यतन आख्या निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि गंगा संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में विभाग आपसी समन्वय से लंबित प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें। बैठक में वन, खनन, पंचायत राज समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story