शहीद मनीष पटवाल को पुण्य तिथि पर किया याद
पौड़ी गढ़वाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)।कल्जीखाल ब्लाक के सरस्वती विद्या मंदिर में शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल की 14 वीं पुण्य स्मृति में शहीदी दिवस मनाया गया। इस दौरान स्कूल परिसर में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया गया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, स्थानीय ग्रामीणों व शहीद के परिजनों ने शहीद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि संगठन को विगत छ वर्षों से शहीद मनीष पटवाल की पुण्य स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है, कहा कि आगे भी यह सिलसिला चलता रहेगा।
बताया कि शहीद मनीष पटवाल ने अल्प आयु में अपने प्राणों की परवाह न करते हुए अपने जूनियर साथियों की जान बचाने के लिए स्वयं के प्राण देश के लिए दे दिए थे। इस दौरान स्कूल के छात्र- छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन मनमोहन सिंह रावत, ग्राम पंचायत प्रधान घंडियाल अनीता रावत, ग्राम पंचायत प्रधान गढ़कोट संगीता देवी, ग्राम प्रधान अशोक रावत, अतुल नेगी, सुरेश नेगी, राकेश रावत, संजय रावत, हवलदार पदम सिंह, एमएस कंडवाल, राजेंद्र प्रसाद विनोद नेगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

