मानसिक स्वास्थ्य व नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में दी जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)।स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज जामलाखाल में मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य का महत्व, तनाव और चिंता के लक्षणों और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइक्रियाट्रिक सोशल वर्कर आदित्य बर्त्वाल ने छात्र-छात्राओं को शराब, तंबाकू, धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने परीक्षा, पढ़ाई, करियर और पारिवारिक दबाव से होने वाले तनाव से निपटने के उपाय भी बताए।
साथ ही मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय परिवार और शिक्षकों से साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मानसिक बीमारियों को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को एनटीसीपी और एनडीपीएस एक्ट की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य दलवीर सिंह नेगी, अनुज कुमार, प्रदीप सिंह, अनुराधा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

