गुरुकुल कांगड़ी के प्रो. सत्येंद्र ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किए वैज्ञानिक और अकादमिक अनुभव

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान एवं स्वास्थ्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. सत्येंद्र राजपूत ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने वैज्ञानिक और अकादमिक अनुभव साझा किए।

‘द सी-सॉ ऑफ सक्सेस टर्निंग सेटबैक्स इनटू कमबैक्स’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने जीवन में सफलता हासिल करने के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनसे उबरने के अनुभवों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में देशभर के 14 विषयों के विशेषज्ञों ने अपने अनुसंधान, अकादमिक अनुभवों और जीवन की चुनौतियों से जुड़े विचार साझा कर युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन किया। टेडएक्स-आईपीईसी के मंच पर डॉ. पवन सिंह खटाना, डॉ. विवेक विश्वनाथन, डॉ. अंशु रोहतगी, अभिलाष एम., अमरप्रीत सिंह, डॉ. आकार कपूर, डॉ. मनीतपाल सिंह, कृष्णा एम. वेणुगोपाल, वृत्ति भल्ला, साजन मुरली और एम्स के डॉ. विजय कुमार आदि विशेषज्ञों ने विचार रखे।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, इस मंच पर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय को पहली बार प्रतिनिधित्व का अवसर मिला।

प्रो. सत्येंद्र राजपूत ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा। इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही अनुसंधान एवं अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में फार्माकोलॉजी, टॉक्सिकोलॉजी, न्यूरोसाइंस और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र से संबंधित अनुसंधान से जुड़े वैज्ञानिक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

प्रो. सत्येंद्र राजपूत की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार, उपकुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य, प्रो. एलपी पुरोहित, प्रो. पंकज मदान और डॉ. सुहास सहित अन्य शिक्षाविदों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story