प्रो. अरुण कुमार को ‘फेलो ऑफ द नैप्स-2026’ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
प्रो. अरुण कुमार को ‘फेलो ऑफ द नैप्स-2026’ सम्मान


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार को मनोविज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘फेलो ऑफ द नैप्स-2026’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय में नेशनल एसोसिएशन ऑफ साइकोलॉजिकल साइंस के तत्वावधान में आयोजित 12वीं अंतरराष्ट्रीय एवं 14वीं भारतीय मनोवैज्ञानिक विज्ञान संगोष्ठी में प्रो. अरुण कुमार को यह सम्मान प्रदान किया गया। देश-विदेश के प्रख्यात मनोवैज्ञानिकों और शिक्षाविदों की उपस्थिति में उन्हें उनके दीर्घकालिक शैक्षणिक योगदान, शोध कार्यों और मनोविज्ञान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

प्रो. अरुण कुमार इससे पूर्व भी अपने शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में मनोविज्ञान विभाग में शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

इस उपलब्धि पर प्रो. अरुण कुमार ने संस्था के अध्यक्ष, दिल्ली विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं सम्मेलन निदेशक प्रो. डॉ. रोशन लाल दहिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डॉ. दहिया के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित यह शैक्षणिक आयोजन देशभर के मनोविज्ञान शोधकर्ताओं को नई प्रेरणा देगा।

प्रो. अरुण कुमार की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story