उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 प्राइवेट एआई कार्यकर्ता सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 प्राइवेट एआई कार्यकर्ता सम्मानित


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। जिला सभागार हरिद्वार में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जनपद में कृत्रिम गर्भाधान (ए.आई) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 प्राइवेट ए.आई. कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड लाइवस्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. आर.एस. नेगी ने विभाग की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पशुओं की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक को व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से उच्च नस्ल एवं अधिक उत्पादकता वाले पशुओं का संवर्धन संभव होगा, जिससे पशुपालकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला योजना के अंतर्गत आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सम्मानित ए.आई. कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन की गुणवत्ता सुधारने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई तकनीक और स्वीकृत बजट के प्रभावी उपयोग से हरिद्वार जनपद पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। कार्यक्रम में विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारी तथा पशुपालन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story