हैदराबाद में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति से रूबरू होंगे उत्तराखंड के पत्रकार

WhatsApp Channel Join Now
हैदराबाद में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति से रूबरू होंगे उत्तराखंड के पत्रकार


हैदराबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के पत्रकार अब हैदराबाद में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों, तकनीकी और विकासात्मक प्रगति को करीब से देखेंगे। इसके लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्रेस टूर के लिए उत्तराखंड का 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार शाम हैदराबाद पहुंचा।

राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के दौरान पत्रकार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और संस्थानों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और जनोपयोगी कार्यक्रमों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। इसका उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को योजनाओं और परियोजनाओं की जमीनी कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और उनके अनुभवों के माध्यम से आम लोगों तक तथ्यपरक जानकारी पहुंचाना है।

दौरे में प्रतिनिधिमंडल भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस), आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान, शिल्पारामम सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प गांव, सालार जंग संग्रहालय और ईएसआईसी अस्पताल सहित कई प्रमुख संस्थानों का भ्रमण करेगा। पत्रकार संबंधित संस्थानों के विशेषज्ञों एवं अधिकारियों से संवाद कर वहां संचालित अनुसंधान, तकनीकी गतिविधियों, सेवाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी भी हासिल करेंगे।

राष्ट्रीय प्रेस टूर क्षेत्रीय मीडिया को देश में हो रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों से सीधे जोड़ने की पहल है। ऐसे भ्रमण के माध्यम से पत्रकार परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति, उनकी उपयोगिता और आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव को मौके पर समझ सकते हैं।

पीआईबी देहरादून के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि प्रेस टूर का उद्देश्य उत्तराखंड के पत्रकारों को राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे मीडिया को केंद्र सरकार की विकासात्मक पहलों की गहन और प्रमाणिक जानकारी प्राप्त होगी।

सुंद्रियाल ने कहा कि हैदराबाद देश के प्रमुख आईटी, फार्मास्यूटिकल और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों में से एक है। ऐसे में यह अध्ययन यात्रा पत्रकारों को अत्याधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हो रही प्रगति को समझने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं के बीच संवाद को मजबूत करना ऐसे प्रेस टूर का प्रमुख उद्देश्य है। प्रयास है कि पत्रकार मौके पर उपलब्ध तथ्यों और विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारी के आधार पर विकास गतिविधियों का व्यापक विश्लेषण कर उसे अपने पाठकों तक पहुंचाएं।पीआईबी देहरादून की ओर से समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे अध्ययन भ्रमणों का उद्देश्य पत्रकारों को विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना और मीडिया के माध्यम से उनकी जनोपयोगिता से आम जनता को अवगत कराना है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story