बद्रीनाथ चढ़ावा, अर्द्धकुंभ और सतीकुंड कार्यों पर कांग्रेस ने मांगा श्वेत पत्र

WhatsApp Channel Join Now
बद्रीनाथ चढ़ावा, अर्द्धकुंभ और सतीकुंड कार्यों पर कांग्रेस ने मांगा श्वेत पत्र


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी, अर्द्धकुंभ निर्माण कार्यों और सतीकुंड सौंदर्यीकरण परियोजना को लेकर उत्तराखंड सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।

आर्य नगर चौक स्थित एक होटल में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए। साथ ही पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड के चारों धामों में प्राप्त दान और चढ़ावे का पूरा विवरण श्वेत पत्र के माध्यम से सार्वजनिक किया जाए।

अर्द्धकुंभ की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग स्थायी विकास कार्यों पर होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी निर्माण कार्य पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के तहत, केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराए जाएं। साथ ही अधिकारियों, सरकार और विपक्ष के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक मॉनिटरिंग कमेटी बनाई जाए।

सतीकुंड सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर भी उन्होंने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि स्थानीय कंपनियों और ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आलोक शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी नहीं करती है तो कांग्रेस धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, मोहन राणा और राजेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story