राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now

-सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश

देहरादून, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति के आगामी 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक इंतजामों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहें तथा अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभाग पहले से सभी तैयारियां पूरी कर ले।

जिलाधिकारी ने विद्युत और पेयजल विभाग को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं और संसाधनों की पहले से जांच करने तथा किसी भी संभावित व्यवधान से निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजाम तैयार रखने को कहा।

उन्होंने नगर निकायों और संबंधित विभागों को राष्ट्रपति के भ्रमण मार्गों तथा कार्यक्रम से जुड़े स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करें, ताकि भ्रमण के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल और अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767912 Articles

Share this story