प्राचीन पांडुलिपियों को संरक्षित करेगा ज्ञान भारत मिशन
हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। जनपद की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए ज्ञान भारत मिशन के तहत पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, पंजीकरण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। इसके लिए सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों, गुरुद्वारों और शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री की पहचान की जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पांडुलिपियों का सर्वेक्षण एवं पंजीकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य देश की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना, उसका दस्तावेजीकरण और डिजिटाइजेशन कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग और नगर निगम सहित संबंधित संस्थानों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति, धार्मिक संस्था, आश्रम, मठ, स्वयंसेवी संगठन अथवा शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय में दी जा सकती है। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है। इसके बाद पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग कर उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है। इसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति सर्वेक्षण, सत्यापन, संरक्षण और डिजिटाइजेशन से जुड़े कार्यों का समन्वय करेगी।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने मिशन के उद्देश्यों और कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा।
सीडीओ ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपनी जानकारी में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों और दुर्लभ ग्रंथों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की इस धरोहर को सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. स्वाति आर्य, दिनेश कुमार, दाऊ देवगण, श्रीराम सोनपे, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्णिमा बिष्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

