हरिद्वार में 48,320 परीक्षार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा, 126 केंद्र निर्धारित

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में 48,320 परीक्षार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा, 126 केंद्र निर्धारित


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हरिद्वार जनपद में बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 48,320 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें 17 एकल और 109 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की स्थिति, परीक्षार्थियों की संख्या और परीक्षा संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में 25,239 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें संस्थागत श्रेणी के 12,485 बालक और 11,952 बालिकाएं, जबकि व्यक्तिगत श्रेणी के 550 बालक और 252 बालिकाएं हैं।

इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 23,081 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें संस्थागत श्रेणी के 11,218 बालक और 10,406 बालिकाएं तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 937 बालक और 520 बालिकाएं परीक्षा देंगे।

व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ बिजली, पेयजल, शौचालय और छात्र-छात्राओं के बैठने की उचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करें। परीक्षा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर विनोद कुमार, रुड़की आकांक्षा राठौर, खानपुर शानै करीम सिद्दीकी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, एसडीएम लक्सर अनिल शुक्ला और एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी भी जुड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768139 Articles

Share this story