मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क

WhatsApp Channel Join Now
मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क


नैनीताल, 06 मई (हि.स.)। आगामी मानसून के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं प्रशासन) सौरभ असवाल की अध्यक्षता में मानसून पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को 24 घंटे सक्रिय रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, विभागीय समन्वय और प्रतिक्रिया का समय न्यूनतम रखना आवश्यक है। उन्होंने सड़क एवं निर्माण एजेंसियों को भूस्खलन संभावित मार्गों पर जेसीबी, पोकलैंड सहित भारी मशीनरी तथा ऑपरेटरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारियों को बाढ़ एवं भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।

बैठक में विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर, तार एवं पोलों का पर्याप्त भंडारण रखने तथा वैकल्पिक विद्युत लाइन की व्यवस्था करने और जल संस्थान एवं पेयजल निगम को पाइप, फिटिंग्स और पेयजल टैंकरों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

वहीं स्वास्थ्य विभाग को सभी चिकित्सालयों में जीवनरक्षक दवाइयों, एंटी-वेनम एवं ओआरएस का पर्याप्त भंडारण रखने तथा दुर्गम क्षेत्रों में मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए गए। इसी तरह खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न भंडारण करने को और नगर निकायों, वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को झुके और सूखे पेड़ों को चिन्हित कर हटाने तथा नालों-नालियों की सफाई 15 जून से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा कंट्रोल रूम 24 गुणा 7 संचालित रहेंगे। राहत शिविरों में खाद्य सामग्री, कंबल, पेयजल, चिकित्सा किट और प्रकाश व्यवस्था की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story