पौड़ी में पीआरडी जवान सोमवार से करेंगे कार्य बहिष्कार
पौड़ी गढ़वाल, 22 नवंबर (हि.स.)।मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज से आक्रोशित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने अब आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। उत्तराखंड प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन की पौड़ी जिला इकाई ने सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का ऐलान किया है।
इसके तहत जनपद के विभिन्न विभागों और कार्यालयों में तैनात पीआरडी जवान सोमवार से अपने कार्यों का बहिष्कार करेंगे। वहीं, सोमवार को ही जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी कार्यालय में पूर्ण तालाबंदी की जाएगी।
संगठन के जिलाध्यक्ष ललित सिंह की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में बताया गया कि 21 नवंबर को देहरादून में आयोजित प्रदेश स्तरीय पीआरडी सम्मेलन में दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया। जवान लंबे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन और साल के 365 दिन रोजगार देने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। कहा कि बीती 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस की ओर से जवानों पर किए गए लाठीचार्ज से उनमें भारी आक्रोश है। इसके विरोध में प्रदेश स्तर पर आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी आंदोलन को समर्थन देने के लिए पौड़ी जिले के पीआरडी जवानों ने भी अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है। बताया कि 23 नवंबर से जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी कार्यालय में पूर्ण तालाबंदी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

