पीआरडी जवानों की 365 दिन रोजगार की मांग के समर्थन में उतरी कांग्रेस
देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन मिला है। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने शनिवार को पीआरडी निदेशालय पहुंचकर प्रदर्शनकारी जवानों से मुलाकात की और उनकी मांगों को जायज बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जवानों की मांगों के समाधान और उन्हें सालभर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
प्रीतम सिंह ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सरकारी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें नियमित रोजगार और अन्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश सरकार में मंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण और उनके हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि पीआरडी जवान वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें रोजगार की अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि जवानों की मांगें उनके सम्मान, रोजगार और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी हैं। सरकार को उनकी अनदेखी करने के बजाय उनसे संवाद कर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
वहीं, बार काउंसिल सदस्य संग्राम पुंडीर ने जवानों को कानूनी सहायता देने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि यदि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे जवानों को न्यायालय में पैरवी की जरूरत पड़ती है तो वह व्यक्तिगत रूप से उनका मुकदमा लड़ने के लिए तैयार हैं। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जवानों को उनके संघर्ष में साथ देने और उनकी मांगों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

