अस्पताल में भर्ती पीआरडी जवानों को भी मिलेगा मानदेय : रेखा आर्या

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल में भर्ती पीआरडी जवानों को भी मिलेगा मानदेय : रेखा आर्या


देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ड्यूटी या प्रशिक्षण के दौरान बीमार अथवा घायल होकर अस्पताल में भर्ती होने वाले जवानों को उपचार अवधि में भी मानदेय देने की व्यवस्था लागू कर दी है।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि को'ऑन ड्यूटी' माना जाएगा और पात्र पीआरडी स्वयंसेवकों को अधिकतम 180 दिनों तक मानदेय दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक विभिन्न विभागों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में सरकार का उनके साथ खड़ा रहना उसकी जिम्मेदारी है। इस निर्णय से स्वयंसेवकों को इलाज के दौरान आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उन्हें आय की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

मंत्री ने बताया कि शासन ने इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है, जिससे पूरे प्रदेश में व्यवस्था का पारदर्शी और एक समान क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। पात्र स्वयंसेवकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पीआरडी जवानों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है तथा भविष्य में भी स्वयंसेवकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story