मौसम पर भारी पड़ी आस्था, बारिश के बीच दंडवत यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। तीर्थनगरी में दो दिन से हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नहीं आई। नया उदासीन अखाड़ा से निकली भव्य दंडवत यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल और अन्य देशों से भी श्रद्धालु पहुंचे। बारिश के बीच भक्ति भाव देखते ही बन रहा था।
नया उदासीन अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित यात्रा में श्रद्धालु पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्धारित नियमों का पालन करते हुए दंडवत होकर आगे बढ़ रहे हैं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बढ़ती भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया है।
यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म, आध्यात्मिक चेतना, साधना, सेवा और त्याग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
कनखल से हरकी पैड़ी तक गूंजा आस्था का संदेश
यात्रा का एक छोर कनखल स्थित पंचायती नया अखाड़ा उदासीन से आगे बढ़ रहा है, जबकि दूसरा छोर अपर रोड होते हुए हरकी पैड़ी की ओर बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में भागीदारी को देखते हुए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हजारों स्वयंसेवक यात्रा को व्यवस्थित करने में जुटे हैं।
संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान और अनिरुद्ध शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेवक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हैं। बारिश में भी भक्तों का निरंतर आगे बढ़ना आयोजन का प्रमुख आकर्षण बना है। हरिद्वार की पावन धरती पर इस यात्रा ने खराब मौसम में भी आस्था, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

