चैंपियन का बड़ा ऐलान, खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से मांगेंगे भाजपा का टिकट

WhatsApp Channel Join Now
चैंपियन का बड़ा ऐलान, खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से मांगेंगे भाजपा का टिकट


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। खानपुर से भाजपा के निवर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में खानपुर और लक्सर, दोनों विधानसभा सीटों से भाजपा का टिकट मांगेंगे। उनके इस ऐलान के बाद जिले की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बैठक में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। चैंपियन ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अपनी दावेदारी मजबूत करने की बात कहते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया और दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी का भी जिक्र किया।

चैंपियन ने आरोप लगाया कि बीते कुछ वर्षों में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया है। उन्होंने सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने और सभी समाजों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। कहा कि विभिन्न समुदायों के लोग उनसे अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा में हैं और दोनों सीटों से पार्टी का टिकट मांगेंगे। हालांकि, टिकट पर अंतिम फैसला भाजपा नेतृत्व को ही करना है। ऐसे में दो विधानसभा सीटों से दावेदारी के उनके ऐलान को खानपुर और लक्सर की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

रानी देवयानी ने भी मांगा टिकट

कार्यकर्ता बैठक में रानी देवयानी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज करने और भाजपा से टिकट मांगने की बात कही। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं से भविष्य की योजनाओं और चुनावी रणनीति को लेकर सुझाव लिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story