धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्र और राष्ट्रहित में लिया गया नैतिक निर्णय : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र और राष्ट्रहित में लिया गया नैतिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से नीट परीक्षा को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और नकारात्मक माहौल को समाप्त करने में मदद मिलेगी।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का राजनीतिक और सामाजिक जीवन निष्पक्षता, कर्मठता और समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर कुछ लोगों द्वारा भ्रम और अफवाह का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा था। ऐसे समय में धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है।

श्री भट्ट ने कहा कि सरकार छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है और नकल एवं पेपर लीक जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न आएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नकल विरोधी कानून को और सख्त करने, मामलों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और परीक्षा एजेंसी एनटीए में सुधार जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने में विश्वास रखती है और राष्ट्रहित में आवश्यक होने पर कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटती।

उन्होंने छात्रों से निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया पर भरोसा रखते हुए अपनी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story