विद्यार्थियों ने दिया सत्य-अहिंसा का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों ने दिया सत्य-अहिंसा का संदेश


नैनीताल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती पर शुक्रवार को नैनीताल में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुबह तड़के प्रभात फेरी निकाली। मल्लीताल से शुरू हुई प्रभात फेरी माल रोड होते हुए तल्लीताल पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। प्रभात फेरी में भारतीय शहीद सैनिक स्कूल, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सीआरएसटी इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए।

तल्लीताल में प्रभात फेरी के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या सड़क पर पहुंचने से जाम की स्थिति बनी। ऐसे में शिक्षकों को स्वयं सड़क पर उतरकर वाहनों को रोकना पड़ा। शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्वों पर होने वाली रैलियों और प्रभात फेरियों के दौरान पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जाती। 26 जनवरी और 15 अगस्त को भी ऐसी ही स्थिति रहती है।

उधर, महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपने कार्यालयों में, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने उच्च न्यायालय परिसर में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस लाइन नैनीताल में दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान सत्य, अहिंसा, सहिष्णुता, मेहनत और समर्पण के आदर्शों को अपनाते हुए ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति की सहायता के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने पुलिस लाइन में पुलिस विभाग में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को उपहार देकर सम्मानित किया। नगर पालिका, आईजी कार्यालय व सूचना विभाग सहित अन्य विभिन्न शासकीय, अर्ध शासकीय कार्यालयों में भी गांधी जी एवं शास्त्री जी का पुण्य स्मरण किया गया।

इधर कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में भी गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, चीफ प्रॉक्टर प्रो. हरीश बिष्ट और डीन प्रो. रीना सिंह सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। प्रो. पंत ने कहा कि गांधी की अहिंसा की शक्ति ने देश को स्वतंत्रता दिलाने के साथ विश्व को भी अहिंसा का संदेश दिया। प्रो. बिष्ट ने गांधी के दृढ़ निश्चय को याद किया, जबकि प्रो. सावित्री कैड़ा ने बताया कि गांधी 21 दिन कुमाऊं में रहे और इस दौरान 25 स्थानों पर भाषण दिए। उनकी सरलता से क्षेत्र में स्वतंत्रता आंदोलन को गति मिली।

कार्यक्रम में श्वेता पंत, पूजा टम्टा, दीप्ति और रिया ने गांधी तथा शास्त्री के जीवन पर विचार रखे। वैभवी एवं उनके समूह ने गांधी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। संगीत विभाग की टीम ने डॉ. रवि जोशी के नेतृत्व में वैष्णव जन तो, पायो जी मैंने राम रतन धन पायो और रघुपति राघव राजा राम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने किया। उन्होंने गांधी और शास्त्री के जीवन वृत्त के साथ गांधी दर्शन पर विचार रखे। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्रावासों की छात्राएं और एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story