उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी देने पर मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी देने पर मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई


उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और धमकी देने पर मीटर रीडर के खिलाफ कार्रवाई


देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण खंड (उत्तर) देहरादून में कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया है।

राजेन्द्र सिंह रावत उपनल के माध्यम से संविदा पर मीटर रीडर के रूप में कार्यरत थे। विभाग को उनके विरुद्ध उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने संबंधी शिकायतें मिली थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मामले की जांच कराई। इस दौरान उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साथ ही अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी प्रकरण की जांच की।

विभाग के अनुसार, जांच में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण किए जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई। जांच आख्या के आधार पर कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मामला उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा गया। इसके बाद संबंधित कर्मचारी को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस कर दिया गया।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव बनाने अथवा किसी भी तरह का अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि कोई विद्युत कर्मचारी अनुचित व्यवहार करता है या अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा उच्चाधिकारियों को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story