हरिद्वार में एक साथ जलीं सात चिताएं, गांव की सात महिलाओं को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में एक साथ जलीं सात चिताएं, गांव की सात महिलाओं को नम आंखों से दी अंतिम विदाई


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी जिले के रिखणीखाल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं के शव रविवार को हरिद्वार लाए गए। चंडीघाट श्मशान घाट पर सातों महिलाओं का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक ही गांव की सात महिलाओं की चिताएं एक साथ जलती देख घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। अपनों को अंतिम विदाई देते समय परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

हादसे में जान गंवाने वाली सातों महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार थीं। एक साथ सात महिलाओं की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। अंतिम दर्शन और संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हरिद्वार पहुंचे। जैसे ही सातों महिलाओं की अर्थियां चंडीघाट पहुंचीं, परिजन अपने आंसू नहीं रोक सके। घाट पर मौजूद लोगों ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया।

बताया गया कि सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। वे बैंक में बैंणी भुली योजना का फॉर्म भरने के लिए गई थीं। काम निपटाकर गांव लौटते समय उनकी इको वैन हादसे का शिकार हो गई।

गौरतलब है कि 28 नवंबर को पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी से भंगलवाड़ गांव जा रही इको वैन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे। हादसे में चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। मृतकों में सात महिलाएं शामिल थीं। गांव में एक साथ इतने लोगों का अंतिम संस्कार करना संभव नहीं था, इसलिए प्रशासन की मदद से शवों को हरिद्वार लाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story