आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मेयर ने बालिकाओं को वितरित किए पोषण बैग

WhatsApp Channel Join Now
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मेयर ने बालिकाओं को वितरित किए पोषण बैग


हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भूपतवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई। इस दौरान मेयर ने बालिकाओं को पोषण बैग भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिए शुरुआती वर्षों में उचित पोषण बेहद आवश्यक है। इसी प्रकार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देकर आने वाली पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य की नींव रखी जा सकती है।

मेयर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। स्वस्थ बालिकाएं ही आगे चलकर स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला बनती हैं।

इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी सेक्टर की सुपरवाइजर ऋचा गर्ग को सम्मानित किया। इस दौरान पार्षद आकाश भाटी, पार्षद सुनीता शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रीति गौड़, आलोक, देवेश्वरी लखेड़ा, मीनू ठाकुर, आकाश तोमर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story