विकास, निवेश और रोजगार से कांग्रेस को परेशानी : पुष्कर सिंह धामी

WhatsApp Channel Join Now
विकास, निवेश और रोजगार से कांग्रेस को परेशानी : पुष्कर सिंह धामी


देहरादून, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विकास, निवेश और रोजगार से जुड़े हर प्रयास में बाधा तलाश रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने एक सवाल पर कहा कि प्रदेश में विकास कार्य हों, निवेश आए या युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों, कांग्रेस नेताओं को हर अच्छी पहल से परेशानी होने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक परिवारवाद और तुष्टिकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही है, इसलिए पारदर्शिता, सुशासन और विकास की राजनीति उसे रास नहीं आ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड अवसंरचना निवेश विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) का गठन किया गया है। सरकार निवेश से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। जब सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हो रहा था, तब कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई। बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे रवैये को दर्शाती है।

शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के कांग्रेस के आरोप पर धामी ने कहा कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था और इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि आयोजन करने वाले व्यक्ति स्वयं अनुसूचित समाज से हैं। इससे कांग्रेस की ओर से बनाए जा रहे नैरेटिव की वास्तविकता सामने आती है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जमीन और देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। राज्य की एक-एक इंच जमीन की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता से काम करती रहेगी।

--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story