महिला अपराधों को लेकर सरकार पर महिला कांग्रेस का हमला

WhatsApp Channel Join Now
महिला अपराधों को लेकर सरकार पर महिला कांग्रेस का हमला


देहरादून, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने महिला अपराधों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, जो अपनी शांति, पर्यटन और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, वर्तमान में बढ़ते महिला अपराधों के कारण चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्योति रौतेला ने 2022 के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों ने कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 से 2026 के बीच राज्य में महिला अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, 2021 में 3431, 2022 में 4337, 2023 में 3808, 2024 में 4000 से अधिक और 2025 में 4200 से अधिक मामले दर्ज किए गए।

रौतेला ने आरोप लगाया कि राज्य की राजधानी देहरादून अपराधियों और माफियाओं की शरणस्थली बनती जा रही है। पिछले एक माह में ही कई गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा उन्होंने महिला के खिलाफ अपराधों में भाजपा से जुड़े नेताओं और उनके करीबियों के शामिल होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर ठोस और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, जिलाध्यक्ष पूनम कंडारी, महासचिव सुशीला शर्मा एवं सावित्री थापा भी उपस्थित रहीं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story