भाजपा ने कांग्रेस के दावों को किया खारिज

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने कांग्रेस के दावों को किया खारिज


देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए उन्हें ‘शिगूफा’ करार दिया और पार्टी के भीतर गुटबाजी पर तीखा हमला बोला।

भाजपा विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेतृत्व और उसके हालिया दावों पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। चमोली ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक स्थिति ऐसी है कि 'भीष्म पितामह ही कौरवों पर टूट पड़े हैं', ऐसे में उन्हें पहले अपने भीतर के मतभेद सुलझाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार अपने नेताओं को पार्टी में बनाए रखने में असफल हो रही है और इसी कारण भ्रम फैलाने के लिए दावे किए जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रभारी के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में गुटबाजी की स्थिति जगजाहिर रही है और उसी पृष्ठभूमि में उत्तराखंड में भी आंतरिक विवाद बढ़ने की संभावना है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि उनके दौरे से भाजपा को ही लाभ होने की उम्मीद है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए चमोली ने कहा कि वे राजनीतिक अवकाश पर होने के बावजूद सक्रिय राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रावत दबाव की राजनीति करते रहे हैं और कांग्रेस को पारिवारिक हितों के लिए “प्लेसमेंट एजेंसी” की तरह उपयोग किया गया है।

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि 2016 की राजनीतिक घटनाओं में कांग्रेस की आंतरिक खींचतान की बड़ी भूमिका रही और वर्तमान में भी पार्टी उसी स्थिति से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता इन परिस्थितियों का जवाब देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story