कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम सिर्फ राजनीतिक प्रोपेगेंडा : नवीन ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम सिर्फ राजनीतिक प्रोपेगेंडा : नवीन ठाकुर


देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

शनिवार को जारी बयान में श्री ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी नीट परीक्षा के समय छात्रों का समय बर्बाद करने के बाद अब उत्तराखंड के युवाओं को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनका लंबा विदेश प्रवास चर्चा का विषय बना हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि जयपुर से शुरू हुए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत पटना में भी राहुल गांधी के नहीं पहुंचने के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छात्रों के भविष्य को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूर्व में भी परीक्षाओं के दौरान छात्रों के कार्यक्रम आयोजित कर उनकी तैयारी प्रभावित की, जबकि राजस्थान में परीक्षा पत्र लीक के मामलों पर राहुल गांधी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के छात्र और युवा जागरूक हैं और किसी राजनीतिक बहकावे में नहीं आएंगे। श्री ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से परिचित हैं और कांग्रेस के आरोपों से प्रभावित नहीं होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story