कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में विफल, जनता का भरोसा भाजपा के साथ: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 02 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। उससे पहले सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरु कर दी है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रही कांग्रेस अब वर्ष 2027 में सत्ता हासिल करने के लिए 'बिल्ली के भाग्य से छींका टूटने' का इंतजार कर रही है।
मंगलवार को एक बयान में भट्ट ने कहा कि राज्य की जनता भाजपा सरकार के कार्यों और विकास एजेंडे पर भरोसा जता रही है तथा आने वाले समय में भी भाजपा को जनसमर्थन मिलता रहेगा। भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और धार्मिक अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इसके अलावा नकल विरोधी कानून, रिकॉर्ड सरकारी नियुक्तियां, नकल माफियाओं पर कार्रवाई, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा पेंशन और सैनिक कल्याण योजनाओं में वृद्धि जैसे अनेक कदम उठाए गए हैं।
भट्ट ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं ने उत्तराखंड की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि चारधाम यात्रा को वर्षभर सुगम बनाने, पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर संपर्क स्थापित करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद हालिया निकाय चुनावों में भी कांग्रेस अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 10 नगर निगमों में से 9 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को केवल एक निगम में सफलता मिली। हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
भट्ट ने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन में पदों और जिम्मेदारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है तथा पार्टी भविष्य की रणनीति के बजाय केवल सत्ता में वापसी के सपने देख रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

