कांग्रेस आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने के लिए कर रही दुष्प्रचार: मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने के लिए कर रही दुष्प्रचार: मनवीर चौहान


देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व विवाद से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस इस मुद्दे को उछाल रही है।

मनवीर चौहान ने मंगलवार क़ो कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया ट्वीट को सुनियोजित दुष्प्रचार का हिस्सा बताते हुए कहा कि गैर-भाजपा शासित राज्यों में गंभीर कानून-व्यवस्था की घटनाओं पर कांग्रेस मौन रहती है, जबकि उत्तराखंड की घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उत्तराखंड में नेतृत्व को लेकर आंतरिक संघर्ष से जूझ रही है। चौहान के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की नाराजगी और अन्य गुटों के असंतोष से संगठनात्मक स्थिति कमजोर हुई है, जिससे ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मनवीर चौहान ने कहा कि राज्य में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मामलों में आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भय का वातावरण बनाने के प्रयास अस्वीकार्य हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story