नकली पीए ठगी प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, ‘आपसी खींचतान’ बताया कारण

WhatsApp Channel Join Now
नकली पीए ठगी प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, ‘आपसी खींचतान’ बताया कारण


देहरादून, 06 मई (हि. स.)। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने नकली पीए और ठगी से जुड़े प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की आंतरिक खींचतान का परिणाम बताया है।

मनवीर चौहान ने एक जारी बयान में कहा कि गणेश गोदियाल स्वयं यह बयान दे चुके हैं कि पिछले डेढ़ महीने से उनके खिलाफ साजिश चल रही थी। साथ ही, पुलिस हिरासत में आरोपित कथित तौर पर अध्यक्ष को हटाने और सेटलमेंट की बात सामने आने का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अंदरूनी संघर्ष जारी है।

भाजपा नेता ने कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष को इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के व्यक्ति की जानकारी है, तो उन्हें राजनीतिक पारदर्शिता और उच्च मानकों को ध्यान में रखते हुए उसका खुलासा करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट और पदों की खरीद-फरोख्त जैसे मामले लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

मनवीर चौहान ने कहा कि जिस महिला नेता की शिकायत पर यह मामला उजागर हुआ, वह पहले भी कांग्रेस में टिकट बिक्री के आरोप लगाती रही हैं। उन्होंने कहा कि टिकट की “एडवांस बुकिंग” और पार्टी अध्यक्ष को हटाने के लिए साजिश जैसे आरोप चौंकाने वाले हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि फर्जी पीए के नाम पर पार्टी पदों के लिए अग्रिम भुगतान जैसी बातें कांग्रेस के भीतर नैतिक गिरावट को दर्शाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता को ठगने में असफल होकर आपस में ही एक-दूसरे को ठगने में लगी है।

मनवीर चौहान ने कहा कि खरीद-फरोख्त की राजनीति से कांग्रेस का पुराना संबंध रहा है और इसी कारण जनता का भरोसा उससे कम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले टिकटों की कथित 'एडवांस बुकिंग: लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story