मतदाता सूची में बदलाव का पूरा डेटा सार्वजनिक हो : यशपाल आर्य
देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने मंगलवार को मतदाता सूची में पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और प्रत्येक योग्य नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची में बड़े बदलावों का पूरा डेटा सार्वजनिक करने समेत कांग्रेस की पांच मांगें सामने रखीं।
आर्य ने मंगलवार को जारी बयान में मांग की कि मतदाता सूची में होने वाले बदलावों का पूरा डेटा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि सूची से नाम हटाए जाने वाले मतदाताओं को इसकी पूरी सूचना दी जाए और उन्हें अपील का उचित अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को मतदाता सूची और उससे संबंधित आवश्यक डेटा समय पर सरल एवं उपयोगी प्रारूप में उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही, जहां मतदाता सूची या चुनावी प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियों के प्रमाण सामने आएं, वहां स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
आर्य ने कहा कि चुनाव किसी राजनीतिक दल की जीत-हार से बड़ा विषय है। लोकतंत्र और संविधान देश की स्थायी संस्थाएं हैं इसलिए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों और निर्णयों में पर्याप्त पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष को महत्वपूर्ण जानकारी छिपाए जाने की आशंका न रहे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसका वोट सुरक्षित है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी आवाज पूरी तरह सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर आयोग के भीतर से सामने आए मतभेदों और सार्वजनिक रूप से उठाए गए सवालों के बीच आयोग की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और निर्णय प्रक्रिया को लेकर उठ रही चिंताओं का पारदर्शी एवं संस्थागत जवाब मिलना जरूरी है।
आर्य ने कहा कि चुनावी संस्थाओं की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता से जुड़े प्रत्येक गंभीर प्रश्न की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल सरकार चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकार की अभिव्यक्ति है। मतदाता का विश्वास मजबूत रहेगा तो लोकतंत्र भी मजबूत रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

