स्मार्ट मीटर पर सपा ने राज्य सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
स्मार्ट मीटर पर सपा ने राज्य सरकार को घेरा


हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटर का विरोध करते हुए सरकार और प्रशासन को घेरा। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के साथ धोखा कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी दरकिनार किया जा रहा है।

बाल्मीकि चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बैठक के दौरान राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण सचान ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि किसी पर भी दबाव या जबरदस्ती करके स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जा सकता तो फिर प्रशासन पुलिस की मदद से स्मार्ट मीटर लगाने की जबरदस्ती कैसे कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य कानून व्यवस्था देखना है। प्रशासन स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पुलिस को आगे कर रहा है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है।

उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी पूरे देश में खेती बचाओ अभियान कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। खेत को बचाना बहुत आवश्यक हैं। भविष्य में खाद्यान्न संकट उत्पन्न होने वाला है। इसके लिए खेती को बचाना होगा। भाजपा की नीतियां जनविरोधी हैं।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने कहा कि स्मार्ट मीटर तुगलकी फरमान है। लोगों में विरोध है तो इसे जबरदस्ती नहीं लगाना चाहिए। पहले इलेक्ट्रॉनिक और अब स्मार्ट मीटर ले आए हैं। एक संस्था को इसका ठेका दिया गया है। कुछ दिनों में नया मीटर ले आयेंगे। भाजपा सरकार जनहित के कार्य नहीं करती।

इस अवसर पर युवजन सभा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव, सौरभ यादव, माधव अंकित यादव, अजय अग्रवाल, रोहित आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story