संविधान दिवस पर कांग्रेस ने निकाला संविधान बचाव मार्च, लोकभवन की ओर किया कूच

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर कांग्रेस ने निकाला संविधान बचाव मार्च, लोकभवन की ओर किया कूच


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में संविधान बचाव मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोकभवन की ओर कूच किया। भाजपा सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के समापन पर आयोजित मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम से पूर्व कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं अन्य नेता शामिल रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च में कार्यकर्ताओं का उत्साह संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही लड़ाई के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान को प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार राजनीतिक हितों के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल कर रही है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी है। कांग्रेस इन मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story