भाजपा अध्यक्ष की रैली में हनुमान वेशभूषा पर कांग्रेस का विरोध, माफी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष की रैली में हनुमान वेशभूषा पर कांग्रेस का विरोध, माफी की मांग


हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति से नृत्य कराए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है।

हरिद्वार स्थित ऋषिकुल कार्यालय में आयोजित बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि ईष्ट देवताओं की वेशभूषा धारण कराकर उनका राजनीतिक कार्यक्रमों में उपयोग करना धार्मिक भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और आस्था का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती है तथा हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान नहीं करती। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर भाजपा नेतृत्व मौन है और जनता इसका जवाब देगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि धर्म की मर्यादा के विरुद्ध आस्था का राजनीतिक उपयोग उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

युवा कांग्रेस नेताओं विकास चंद्रा और समर्थ अग्रवाल ने कहा कि रैली में हनुमान की वेशभूषा धारण किए व्यक्ति के हाथ में भाजपा का झंडा भी था, जिसे उन्होंने आपत्तिजनक बताया।

बैठक में समर्थ अग्रवाल, मनोज जाटव, मुकुल देव, राजवीर, रूपेश कुमार, अमित, गिरवर, वीरेंद्र और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story