कांग्रेस का हल्लाबोल, गैस सिलेंडर कंधों पर उठाकर किया प्रदर्शन, सरकार का फूका पुतला
हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के शिवालिक नगर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कंधों पर गैस सिलेंडर उठाकर विरोध जताया, सरकार विरोधी नारे लगाए और बाद में सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन मुश्किल बना दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवहन, कृषि, व्यापार और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है। इसके कारण बाजार में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम लोग आर्थिक दबाव झेलने को मजबूर हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है और परिवारों के लिए घरेलू खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े हुए है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मनोज धनगर ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि आम लोगों की आय में कोई विशेष वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार आज महंगाई के मुद्दे पर पूरी तरह असहाय दिखाई दे रही है।
मनोज धनगर ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई दोनों चरम पर हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और दूसरी ओर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम आदमी सबसे अधिक आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
वहीं श्रमिक नेता राजबीर चौहान ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर मजदूरों, किसानों, रिक्शा चालकों, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है। डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ रही है, जबकि पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का प्रभाव लगभग हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेकर जनता को राहत देने की मांग की।
राव आफाक अली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और महंगाई के मुद्दे पर भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। आने वाले दिनों में जिलेभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को महंगाई के खिलाफ एकजुट किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उनका कहना था कि परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य पदार्थों सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

