युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार और युवाओं के मुद्दों पर किया मंथन

WhatsApp Channel Join Now
युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार और युवाओं के मुद्दों पर किया मंथन


हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)। हरिद्वार ग्रामीण युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष सौरभ सैनी के नेतृत्व में ज्वालापुर स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी और सहप्रभारी हरनीत कौर बरार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में युवा कांग्रेस के संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का संकल्प लिया।

प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और नीट जैसे पेपर लीक के मामलों से युवा वर्ग परेशान है और युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर युवाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने एक बूथ, पांच यूथ का मंत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर तक अपनी पकड़ बनानी होगी, तभी वर्ष 2027 में उत्तराखंड और 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बन सकेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती रही है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी और तेलूराम प्रधान ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और आगामी चुनावों में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया।

बैठक में पूर्व मंत्री ओमवीर तोमर, राजबीर चौहान, सोम त्यागी, संजय सैनी, एडवोकेट फुरकान अली, विकास चंद्रा, यश शर्मा, सागर बेनीवाल, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, सोहेल कुरैशी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story