राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में भरेगा नई ऊर्जा: शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में भरेगा नई ऊर्जा: शर्मा


हरिद्वार, 02 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व सभासद तथा पूर्व महापौर अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी का दो दिवसीय प्रदेश दौरा संगठन को नई दिशा और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

अशोक शर्मा ने कहा कि अपने प्रवास के दौरान राहुल गांधी प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे और आगामी चुनावों के लिए जीत का मंत्र देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है और राहुल गांधी का मार्गदर्शन संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगा।

संगठन में खेमेबाजी के सवाल पर अशोक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता जनता की समस्याओं को उठाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व महापौर अनीता शर्मा के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अनेक जनहितकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया। विपक्ष की सरकार होने के बावजूद उन्होंने विभिन्न विकास प्रस्तावों को नगर निगम बोर्ड से पारित कर राज्य सरकार को भेजा।

उन्होंने बताया कि जगजीतपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि उपलब्ध कराना, उत्तरी हरिद्वार में चिकित्सालय निर्माण तथा नगर निगम के नए भवन के निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य उनके कार्यकाल में आगे बढ़ाए गए।

अशोक शर्मा ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से प्रदेश कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह प्रवास आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की प्रभावी शुरुआत साबित होगा तथा कार्यकर्ताओं को विजय का संकल्प और दिशा प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story