प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रही कांग्रेस: भाजपा महिला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रही कांग्रेस: भाजपा महिला मोर्चा


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भाजपा की छवि धूमिल करने तथा प्रदेश का माहौल खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। महिला मोर्चा ने इसके विरोध में 09 से 11 मई तक प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।

प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. दिव्या नेगी की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में विभिन्न जनपदों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिलाओं, युवाओं तथा समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं और चंपावत प्रकरण को राजनीतिक रंग देकर भाजपा सरकार और संगठन की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव महिला सम्मान, सुरक्षा और न्याय के पक्ष में खड़ी रही है, जबकि कांग्रेस महिलाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का कार्य करती रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दल सुनियोजित तरीके से प्रदेश में अराजकता का वातावरण बनाना चाहते हैं, लेकिन जनता उनके षड्यंत्रों को समझ चुकी है।

महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के तहत उत्तरकाशी में डॉ. स्वराज विद्वान, चमोली में पुष्पा पासवान और दमयंती रतूड़ी, रुद्रप्रयाग में आशा नौटियाल, टिहरी में गीता रावत, देहरादून ग्रामीण में मधु चौहान और नीरू देवी, ऋषिकेश में नेहा जोशी, हरिद्वार में किरण जैसल और अन्नू कक्कड़, रुड़की में विनोद अग्रवाल और अनीता अग्रवाल, कोटद्वार में मधु भट्ट, पौड़ी में सुषमा रावत, पिथौरागढ़ में कल्पना देवलाल और कमला चुफाल, बागेश्वर में प्रभा गाड़िया और पार्वती दास, रानीखेत में विमला रावत और ज्योति शाह, अल्मोड़ा में किरण पंत और गंगा बिष्ट, चंपावत में रुचि भट्ट और हेमा जोशी, नैनीताल में रुचि भट्ट और शांति मेहरा, काशीपुर में सीमा चौहान और ऊषा चौधरी तथा ऊधमसिंह नगर में रुचि भट्ट और रश्मि रस्तोगी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।

महिला मोर्चा की ओर से कहा गया है कि इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। साथ ही प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महिला मोर्चा ने कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

इधर, भाजपा महिला मोर्चा और भाजपा देहरादून महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पटेल नगर में पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार जनता को गुमराह करने, असत्य तथ्यों के आधार पर राजनीतिक माहौल खराब करने और विकास कार्यों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story