भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ और रविदास कलश यात्रा पर रहेगा फोकस

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ और रविदास कलश यात्रा पर रहेगा फोकस


हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में विशेष रूप से ‘हर घर तिरंगा- यात्रा’ और संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती वर्ष के तहत प्रस्तावित कलश यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि तिरंगा यात्रा को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है तथा इस अभियान के माध्यम से राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

साथ ही संत रविदास जी की कलश यात्रा और जयंती वर्ष के कार्यक्रमों को भी व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा संगठन जनसेवा, राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में मंडल स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्धारण, बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी अभियानों की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर संजीव चौधरी, लव शर्मा, तरुण नैय्यर, सीमा चौहान, संदीप अग्रवाल, रितु ठाकुर, पारुल चौहान, भूप सिंह, नकली राम सैनी, लक्ष्मण नागर, अरविंद कुशवाह, तेलुराम प्रधान सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story