राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, कहा- छात्रों के मुद्दे पर दोहरी राजनीति कर रहे
देहरादून, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर नीट और छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा से भागने और दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता एवं मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी को सदन से भागने के बजाय छात्रों के मुद्दों पर बहस में भाग लेना चाहिए, क्योंकि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
मंगलवार को यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मंत्री सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए चर्चा और संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास करना चाहिए।
उनियाल ने कहा कि कांग्रेस ने पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद में गतिरोध पैदा किया और बाद में नीट पर चर्चा की मांग की। उनके अनुसार, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद सरकार नीट पर चर्चा के लिए तैयार हुई, लेकिन अब कांग्रेस चर्चा से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि 'डरो मत, भागो मत, चर्चा में आइए, सरकार हर चीज का जवाब देने को तैयार है।
उन्होंने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के संदर्भ में राहुल गांधी के बयानों पर भी सवाल उठाए और कहा कि नेता प्रतिपक्ष की ओर से सनसनी पैदा करने वाले बयान देना उचित नहीं है। उनियाल ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने नीट मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराई, परिणाम जारी किया और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी हुआ। साथ ही परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए कठोर कानून बनाया गया।
भाजपा नेता ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है, लेकिन वहां छात्रों के साथ व्यवहार पर कांग्रेस की ओर से कोई प्रभावी प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का छात्र और युवा हितों से कोई लेना-देना नहीं है तथा वह देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।
उनियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक परंपराओं, चर्चा और संवाद को प्राथमिकता देती है। समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक माध्यमों से ही संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस लगातार नए आरोप लगाकर सनसनी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को लगातार नकार रही है और यही कारण है कि पार्टी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने के लिए अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

