पीएम मोदी के दौरे को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, कार्यकर्ताओं में उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
पीएम मोदी के दौरे को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, कार्यकर्ताओं में उत्साह


हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को देहरादून पहुंचेंगे, जहां वे दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन भी करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और उमंग का माहौल है।

तरुण बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और उनके नेतृत्व में राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा, जो राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। प्रदेशभर में स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं और विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगा और ‘यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ का संकल्प और मजबूत होगा। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story