प्रकोष्ठों की ताकत से भाजपा बनेगी और मजबूत, सरकार की योजनाएं हर वर्ग तक पहुंचाएं : धामी
देहरादून, 24 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण के बल पर अजेय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर संगठन की जीत को और अधिक प्रचंड बनाना होगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रदेश प्रकोष्ठों की बैठक को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यवसायिक, खेल, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रकोष्ठ पार्टी और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
धामी ने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों में मूल अंतर यह है कि अन्य दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाते हैं, जबकि भाजपा के कार्यकर्ता वर्षभर समाज सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत आपदा प्रबंधन और स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठों को विशेष महत्व दिया है।
धामी ने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से ब्लॉक स्तर पर ऐसे युवाओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया जो आपदा की स्थिति में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ की भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह विश्वास स्थापित होना चाहिए कि संकट की हर घड़ी में भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान को आगे बढ़ाने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समूहों तक पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए।
पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर बल देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं तथा दो माह में 40 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में भी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे कदमों के माध्यम से राज्य के मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए। धामी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सेवा गतिविधियों को मिशन मोड में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की बड़ी ताकत हैं और समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन शीघ्र पूरा करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी और 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

