राहुल-प्रियंका का धरना राजनीतिक नौटंकी : महेंद्र भट्ट
देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के धरना-प्रदर्शन को संवैधानिक अधिकारों का दुरुपयोग और राजनीतिक नौटंकी बताया है।
भाजपा की ओर से मंगलवार को जारी बयान में भट्ट ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को राजनीति से प्रेरित और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितता की सूचना मिलने पर सरकार ने तत्काल परीक्षा रद्द कराई, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की और पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित कराई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है तथा युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकारों का दुरुपयोग है।
भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है तथा परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच उच्च स्तरीय समितियों और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और सुरक्षित बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। सरकार हर छात्र के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

