कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता करण सिंह को मिला संवैधानिक पद, किसान हित में करेंगे काम

WhatsApp Channel Join Now
कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता करण सिंह को मिला संवैधानिक पद, किसान हित में करेंगे काम


हरिद्वार, 23 अप्रैल (हि.स.)। पार्टी के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के चलते भाजपा नेता सरदार करण सिंह को उत्तराखंड राज्य किसान आयोग में सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।

यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर सरदार करण सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए वे किसानों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

राजनीतिक सफर और संगठन में योगदान

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर शीतला खेड़ा निवासी सरदार करण सिंह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। राजनीति में आने के बाद से ही उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने पार्टी में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर कार्य किया है, जिनमें मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और भारतीय जनता युवा मोर्चा हरिद्वार के जिला कोषाध्यक्ष जैसे अहम पद शामिल हैं। इसके अलावा वे विधानसभा, लोकसभा और जिला पंचायत चुनावों में संचालन समिति के सदस्य के रूप में भी सक्रिय रहे।

किसानों के हित में काम करने का संकल्प

नवनियुक्त सदस्य सरदार करण सिंह ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके अनुरूप वे प्रदेश के किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story