डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, मांगा स्पष्टीकरण
देहरादून, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को आगामी चुनाव में जनता के बीच उठाएगी।
भाजपा मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दीप्ति रावत ने कहा कि डोभाल ने देश की सुरक्षा के लिए लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी से डोभाल ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लोगों की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं हरीश रावत, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत अन्य नेताओं से पूछा कि क्या वे राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत हैं। रावत ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर इससे पहले भी उत्तराखंड से जुड़े सैन्य एवं सुरक्षा क्षेत्र के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप लगाया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों का भी उल्लेख किया।
दीप्ति रावत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस नेताओं की चुप्पी को लेकर भाजपा सवाल उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी देवभूमि के सम्मान और राज्य से जुड़े लोगों के गौरव के मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

