भाजपा ने विधानसभावार कोर कमेटी गठित की, मिशन 2027 की तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने विधानसभावार कोर कमेटी गठित की, मिशन 2027 की तैयारियां तेज


देहरादून, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर तैयारियों को तेज करते हुए राज्य में विधानसभावार कोर कमेटी का गठन किया है। इन कमेटियों की रणनीतिक बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार गठित कोर कमेटियों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, महापौर, पालिका अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, दायित्वधारी, जिला अध्यक्ष तथा सभी मंडल अध्यक्षों को शामिल किया गया है। स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक विस्तार के आधार पर प्रत्येक विधानसभा में सदस्यों की संख्या अलग-अलग हो सकती है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर गठित यह संरचना आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और चुनावी रणनीति के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका उद्देश्य शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि इन कोर कमेटियों का गठन संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर कमेटियों का गठन पूरा हो चुका है और उनकी बैठकें प्रारंभ हो गई हैं।

बैठकों में स्थानीय मुद्दों की पहचान, बूथ प्रबंधन को मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जा रही है। पार्टी का मानना है कि यह व्यवस्था संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाएगी तथा आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की आधारशिला रखेगी। पार्टी के अनुसार, इन कोर कमेटियों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अभियानों में कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story