पुलिस कर्मियों के लिए आपदा प्रबंधन में दक्षता जरूरी: धामी
देहरादून, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाओं की संभावना बनी रहती है, ऐसे में पुलिसकर्मियों को आपदा प्रबंधन में दक्ष होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने युवा पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कांस्टेबलों से आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

